बागेश्वर में डीएम रंजना राजगुरु से संचार सुविधा सुधारने की मांग करते जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। बीएसएनएल ने ऊर्जा निगम का बकाया भुगतान नहीं किया है। इस कारण यूपीसीएल ने रवांईखाल के मोबाइल फोन टावर का कनेक्शन काट दिया है। इस कारण कई दिनों से बीएसएनएल के सिग्नल नहीं आ रहे हैं।
सोमवार को ग्रामीण जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम रंजना राजगुरू को ज्ञापन दिया। इसमें समस्या के समाधान की मांग की। बताया कि क्षेत्र में निजी संचार कंपनियों ने टावर नहीं लगाए हैं। क्षेत्र में एकमात्र कंपनी बीएसएनएल की ही संचार सुविधा उपलब्ध थी। इसके बंद होने से लोग एक दूसरे से संपर्क नहीं साध पा रहे हैं। बैंक, डाकघर समेत लोगों का रुटीन कामकाज भी प्रभावित हो रहा है।
पिछले कई दिनों से दूरसंचार की सेवा ठप है। इससे क्षेत्रवासी परेशान हैं। उन्होंने कहा कि विभाग के प्रति अब लोगों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है। ग्रामीणों ने डीएम से विभाग को निर्देशित कर संचार व्यवस्था सुचारू कराने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिपं उपाध्यक्ष नवीन परिहार, भीम सिंह, भरत एठानी, दीवान राम, चंदन सिंह, वीरेंद्र सिंह आदि थे।