फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: 107 साल पुराने भवन से निकलकर पहली बार प्रदेश की मेरिट में मारी बाजी

विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन

कांडा(बागेश्वर)। पहाड़ की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि अगर हौसले बुलंद हों, तो संसाधनों की कमी सफलता की राह नहीं रोक सकती। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज कांडा की छात्राओं ने पहली बार प्रदेश की मेरिट सूची में जगह बनाकर नया इतिहास रच दिया है। विद्यालय के 107 साल पुराने जर्जर भवन और पेयजल जैसी मूलभूत समस्याओं के बीच पढ़ाई कर बेटियों ने यह मुकाम हासिल किया है।
शनिवार को घोषित उत्तराखंड बोर्ड के परीक्षा परिणामों में विद्यालय की खुशी कांडपाल ने इंटरमीडिएट में 96.40 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। नैंसी नगरकोटी ने 95.60 प्रतिशत अंकों के साथ 10वां, दिशा कांडपाल ने 94.60 प्रतिशत अंकों के साथ 14वां और स्नेहा आर्या ने 92.80 प्रतिशत अंकों के साथ 23वां स्थान झटक कर विद्यालय और जिले का मान बढ़ाया है।
विज्ञापन



प्रवक्ता नहीं थे तो सहायक अध्यापक ने संभाली कमान
जीजीआईसी कांडा की उपलब्धियों में दिशा कांडपाल की सफलता बेहद खास है। मेरिट में 14वां स्थान पाने वाली दिशा विद्यालय की एकमात्र विज्ञान संकाय की छात्रा थी। स्कूल में लंबे समय से भौतिक विज्ञान के प्रवक्ता का पद रिक्त चल रहा है, लेकिन गणित की सहायक अध्यापक अनीता मेहरा ने इस कमी को आड़े नहीं आने दिया। उन्होंने अपनी जिम्मेदारी से आगे बढ़कर दिशा को भौतिक विज्ञान के गुण सिखाए। शिक्षक के मार्गदर्शन और छात्रा की मेहनत का ही परिणाम है कि दिशा ने भौतिक विज्ञान जैसे कठिन विषय में 91 अंक हासिल कर मिसाल कायम की है।



1919 में बना था स्कूल भवन
विद्यालय का इतिहास काफी पुराना है। वर्तमान में स्कूल साल 1919 में बने भवन में संचालित होता है, जो लंबे समय तक जिला पंचायत के अधीन रहा। साल 1985 में यहां हाईस्कूल और साल 2000 में इसे जीजीआईसी का दर्जा मिला। तब से अब तक कोई भी छात्रा प्रदेश की मेरिट में जगह नहीं बना सकी थी। वर्तमान में यहां 16 नियमित और दो अतिथि शिक्षक तैनात हैं। अब परिसर में नए भवनों का निर्माण कार्य भी चल रहा है, जिससे भविष्य में भवन की समस्या दूर होने की उम्मीद है। विद्यालय में शिक्षकों की कमी और पेयजल संकट जैसी परेशानियां आज भी बरकरार हैं। इसके बावजूद छात्राओं की इस उपलब्धि ने पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। खुशी, नैंसी, दिशा और स्नेहा की इस सफलता पर कांडा क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोग इसे स्कूल के गौरवशाली इतिहास में एक नया अध्याय मान रहे हैं।
विज्ञापन


.....कोट
यह हमारे विद्यालय के लिए ऐतिहासिक क्षण है। छात्राओं ने सीमित संसाधनों और पुराने भवन की दुश्वारियों के बावजूद प्रदेश की मेरिट सूची में स्थान पाकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। इसका श्रेय छात्राओं की कड़ी मेहनत और हमारे समर्पित शिक्षकों के मार्गदर्शन को जाता है।

......माया आर्या, प्रधानाचार्या, जीजीआईसी कांडा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें