मुख्यमंत्री हरीश रावत बृहस्पतिवार को बागेश्वर आ रहे हैं। सीएम के दौरे की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल ने प्रशासन और पुलिस के अफसरों की बैठक ली।
कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम मनराल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी सीएम के कार्यक्रम के दौरान पूरी सूचनाओं के साथ मौजूद रहें। उन्होंने प्रभारी पुलिस अधीक्षक को कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों को बताया कि सीएम बृहस्पतिवार को 12.40 बजे यहां पहुंचेंगे। वह कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे, जन समस्याओं को सुनेंगे और विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। रात्रि विश्राम लोनिवि के विश्राम गृह में करने के बाद शुक्रवार सुबह 10 बजे अल्मोड़ा को प्रस्थान करेंगे।
बैठक में अपर जिलाधिकारी हरबीर सिंह, सीएमओ जेसी मंडल, डिप्टी कलक्टर कमलेश मेहता, एसडीएम फिंचा राम चौहान, गरुड़ के एसडीएम सीएस डोबाल, पुलिस अधीक्षक धनी राम, तहसीलदार पदम सिंह मेहरा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।