फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

झिरौली मैग्नेसाइट फैक्ट्री की समस्या का किया जाएगा समाधान

विज्ञापन
बागेश्वर में मुख्यमंत्री का स्वागत करते भाजपा कार्यकर्ता। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : BAGESHWAR
विज्ञापन
बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बागेश्वर में बुधवार को 2.31 अरब के विकास कार्यों का लोकार्पण और 36.64 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। उन्होंने 104 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमाऊं के पहले गैस इंसुलेटेड सिस्टम (जीआईएस) के 42 मेगा वोल्ट एंपीयर के पावर ग्रिड का लोकार्पण किया। 2.88 करोड़ रुपये की लागत से बने रोडवेज बस अड्डे को भी जनता को समर्पित किया।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने बिलौना रोडवेज बस अड्डे में सभा को संबोधित करते हुए कहा कि बागेश्वर में बना पावर ग्रिड गैस इंसुलेटेड सिस्टम से बना कुमाऊं का पहला ग्रिड है। यह ग्रिड कंप्यूटर से संचालित होता है। इसे देहरादून में बैठकर भी संचालित किया जा सकता है। इस तकनीक से तार कहां टूटे, कहां फाल्ट आया, एक क्लिक में पता चल जाता है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2020 को सरकार ने रोजगार वर्ष नाम दिया है। तमाम विभागों में नियुक्ति के रास्ते खोले जा रहे हैं। कहा कि सरकारी नौकरियों की संख्या सीमित है। इसलिए सरकार लोगों को निजी उद्यमों की ओर प्रेरित करने का काम कर रही है। सरकार पिरूल से डेढ़ लाख मेगावाट बिजली बनाने के लक्ष्य पर काम कर रही है। इससे डेढ़ लाख लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ने कहा कि गरुड़ के विकासखंड कार्यालय में सभागार का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार वर्ष 2022 तक प्रदेश के हर गांव तक सड़क पहुंचा देगी। इसके लिए प्राथमिकता से कार्य किया जा रहा है।
जागेश्वर धाम के लिए तैयार वेब पोर्टल का उद्घाटन
अल्मोड़ा/बागेश्वर। बागेश्वर में हुए समारोह में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अल्मोड़ा जिला प्रशासन और एनआईसी की ओर से तैयार किए गए जागेश्वर धाम वेब पोर्टल का उद्घाटन किया। वेबसाइट के माध्यम से श्रद्धालुओं को ऑनलाइन दान देने, सुविधानुसार पूजा तिथि, समय और पुजारी घर बैठे ही तय करने की सुविधा होगी।
इसके अलावा भंडारा तिथि और अन्य व्यवस्थाओं की अग्रिम बुकिंग, मंदिर समूह के पौराणिक इतिहास, कार्यक्रम और महोत्सव आदि अन्य गतिविधियों की जानकारी ऑनलाइन मिल सकेगी। वहां डीएम नितिन सिंह भदौरिया, प्रो. जेएस रावत, एसडीएम मोनिका के अलावा जागेश्वर मंदिर कि प्रबंधक भगवान भट्ट, उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल आदि थे।
जागेश्वर धाम के लिए बनेगी पेयजल योजना
बागेश्वर। मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा के जागेश्वर धाम के लिए स्पेशल कंपोनेंट प्लान के तहत पेयजल योजना बनाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इससे धाम में पानी की किल्लत दूर हो जाएगी।
इसके अलावा उन्होंने जागेश्वर में हरिद्वार की तर्ज पर मोक्ष धाम का निर्माण करने, जट गंगा के उद्गम स्थल का विकास और जागेश्वर के प्रवेश द्वार आरतोला का सुंदरीकरण करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2019 से बागेश्वर में छड़ी यात्रा की शुरुआत कराई है। इसे और बेहतर बनाया जाएगा।
मैग्नेसाइट फैक्ट्री की समस्या का होगा समाधान
बागेश्वर। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने झिरौली मैग्नेसाइट माइंस के सामने उत्पन्न संकट का हल निकालने का भरोसा दिया है। उन्होंने बागेश्वर में प्रस्तावित स्टेडियम के लिए फिर से प्रस्ताव भेजने की बात कही है।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि झिरौली की मैग्नेसाइट फैक्ट्री का मामला उनके संज्ञान में है। मैग्नेसाइट फैक्ट्री से मलबा निस्तारण नहीं हो रहा है। इसका समाधान सरकार निकालने जा रही है। जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।
बागेश्वर में घोषणा के बाद भी स्टेडियम का निर्माण न होने के मामले में उन्होंने कहा कि बागेश्वर के खेल मैदान के प्रस्ताव को केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय ने निरस्त कर दिया है। स्टेडियम के लिए प्रस्तावित भूमि को कम करके प्रस्ताव भेजा जा रहा है। स्टेडियम की भूमि को वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से मंजूरी दिलाई जाएगी। हरहाल में स्टेडियम बनाया जाएगा।
बता दें कि बागेश्वर खेल कार्यालय के अधीन गर्ल्स हॉस्टल की मंजूरी मिली हुई है लेकिन स्टेडियम न होने के कारण गर्ल्स हॉस्टल का भी निर्माण नहीं हो पा रहा है। खिलाड़ी खेलने के लिए डिग्री कॉलेज के मैदान पर निर्भर हैं।
विकास प्राधिकरण के मानकों में लाई जाएगी शिथिलता : त्रिवेंद्र
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जिला विकास प्राधिकरण सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के आधार पर लागू किया गया है। जिला विकास प्राधिकरण के नियमों में शिथिलता लाई जाएगी, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
फल, फूलों की खेती और बद्री गाय पालन को दिया बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार प्राथमिकता के साथ कदम उठा रही है। पहाड़ में गुलाब के फूलों की खेती की अच्छी संभावना है। इसके मद्देनजर अल्मोड़ा के ताकुला में 500 हेक्टेयर क्षेत्रफल में गुलाब का बाग लगाया जा रहा है। सरकार बद्री गाय (देसी गाय) की नस्ल को अपग्रेड कर रही है। इस नस्ल के गोवंश कासीमन संरक्षित किया जा रहा है। प्रदेश में वर्तमान में बद्री गायों से एक टन घी का उत्पादन हो रहा है।
भाजपाइयों ने किया स्वागत, विकास के मुद्दे भी उठाए
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, परिवहन मंत्री यशपाल आर्य का बागेश्वर में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जबरदस्त स्वागत किया। बिलौना रोडवेज बस अड्डे में विधायक चंदन राम दास ने बागेश्वर के सीवर ट्रीटमेंट प्लान का विस्तार, जिला अस्पताल में आईसीयू यूनिट लगाने के साथ ही तमाम सड़कों के निर्माण का मामला उठाया। विधायक बलवंत सिंह भौर्याल ने विधानसभा की सड़कों के निर्माण के साथ ही अन्य विकास योजनाओं के निर्माण का मामला उठाया। पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल ने सरयू में कृत्रिम झील निर्माण, जिला अस्पताल से घिरोली तक लिंक रोड निर्माण, जिला खेल कार्यालय तक सड़क निर्माण समेत तमाम मांग की। मुख्यमंत्री ने इन समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
ये लोग रहे मौजूद
भाजपा जिलाध्यक्ष शिव सिंह बिष्ट की अध्यक्षता, जिला महामंत्री सुरेश कांडपाल के संचालन में हुई सभा में उत्तराखंड श्रम संविदा बोर्ड के अध्यक्ष शमशेर सत्याल, ऊर्जा सचिव राधिका झा, जिला पंचायत अध्यक्ष बसंती देव, डीएम रंजना राजगुरु, अल्मोड़ा के डीएम नितिन सिंह भदौरिया, एसपी रचिता जुयाल, पूर्व विधायक शेर सिंह गढ़िया, पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा, उत्तराखंड परिवहन निगम के महाप्रबंधक दीपक जैन समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें