द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। रोड कटान के मलबे से पारंपरिक नौलों के बंद होने से गुस्साए कांडे, विठोली क्षेत्र के लोगों ने यहां कांडे देवी मंदिर में सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने लोनिवि की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। कहा कि रोड कटान के मलबे से क्षेत्र के नौले बंद हो गए हैं। जिससे क्षेत्र में पेयजल की समस्या उत्पन्न हो गई है।
बता दें कि द्वाराहाट-गवाड़-सुरईखेत व सिमलगांव-कांडे-सुरईखेत सड़क कटान के दौरान मलबे का उचित प्रबंधन न होने के कारण ग्राम कांडे, विठोली और फल्द्वाडी के कई जलस्रोत सड़क कटान के मलबे के नीचे दब गए जिस कारण कई नौले बंद हो गए हैं। ग्रामीणों ने कहा कि कई बार लोनिवि को मलबा हटाने की गुहार लगाई गई लेकिन सार्थक कार्रवाई नहीं हुई। इस कारण ग्रामीणों ने देवी मंदिर में स्लोगन युक्त पट्टिकाओं के साथ नारेबाजी करते हुए सुबह नौ बजे से 12 बजे तक धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने तीनों नौलों की जल्द सफाई करने की मांग की है। वहां पर मोहन कांडपाल, खीमानंद कांडपाल, नवीन कांडपाल, गिरीश चंद्र, एबी कांडपाल, प्रयाग दत्त, प्रियांशु, कैलाश चंद्र, भगवती देवी, जानकी, मुन्नी, चंपा, अंबा, सरोजनी, इंद्रा, कमला, आशा कांडपाल आदि थे