द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत में अधिशासी अधिकारी की नियुक्ति की मांग पर मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष मुकुल साह सहित अन्य सभासदों ने नगर पंचायत कार्यालय में ताले जड़ दिए। सभी ने कार्यालय के बाहर धरना देकर जमकर नारेबाजी की।
इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि नगर पंचायत में लंबे समय से अधिशासी अधिकारी न होने से विकास कार्यों में विराम लग गया है। राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं का क्रियान्वयन नहीं हो रहा है। पूर्व में कई बार शासन-प्रशासन से मांग के बाद भी स्थायी ईओ की नियुक्ति नहीं की गई है। मजबूर होकर उन्हें आंदोलन की राह पकड़नी पड़ी है।
उन्होंने बताया कि नगर पंचायत में तैनात ईओ को शासन ने निलंबित कर अल्मोड़ा अटैच किया है। जिसके बाद भिकियासैंण के ईओ को वेतन आहरित करने का ही चार्ज सौंपा गया है। अन्य कार्यों की अनुमति न मिलने पर विकास कार्य और योजनाओं का संचालन नहीं हो रहा है और नगर पंचायत क्षेत्र का विकास थम गया है। तालाबंदी करने वालों में सभासद विमला साह, प्रमोद कुमार, मनोज अधिकारी, मोहन चंद्र तिवारी, डॉ. डीपी चौधरी, धीरेंद्र मठपाल आदि शामिल रहे। संवाद
-
फोटो- 13 एएलएम 26 पी- द्वाराहाट में ईओ की नियुक्ति की मांग पर नगर पंचायत कार्यालय में ताले लगाने के बाद धरने पर बैठे सभासद। संवाद