बागेश्वर। पंडित बद्रीदत्त पांडेय परिसर के एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने परीक्षाफल की गड़बड़ियां दूर नहीं होने पर रोष जताया। आक्रोशित छात्र-छात्राओं ने प्राचार्य के माध्यम से कुलपति को परीक्षाफल लौटाए। जल्द समस्या का निदान नहीं होने पर कुलपति का घेराव करने की चेतावनी दी।
एनएसयूआई कार्यकर्ताओं का कहना है कि विश्वविद्यालय की व्यवस्थाएं बदहाल हैं। परीक्षाफल घोषित होने के बाद से विद्यार्थी परीक्षाफल की त्रुटियां बताकर उनको दूर करने की मांग कर रहे हैं। इस मामले में कई बार प्राचार्य और निदेशक के माध्यम से कुलपति को ज्ञापन भेजे गए। परिसर में प्रदर्शन और पुतला दहन भी किया, बावजूद इसके विद्यार्थियों की समस्या की अनदेखी की जा रही है। कहा कि अगर विश्वविद्यालय प्रशासन इसी तरह से छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करता रहा तो आंदोलन किया जाएगा। इस मौके पर छात्रसंघ उपाध्यक्ष दीपांशु भट्ट, मनीष कुमार, राहुल कुमार, प्रकाश वाच्छमी, कमलेश गढि़या, पंकज शर्मा, पायल आर्या, मोनिका आदि मौजूद रहे। संवाद