फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Bageshwar News: आठ बस सेवाओं में से चार ही बागेश्वर डिपो के अधीन

Tue, 12 Sep 2023 11:39 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बागेश्वर
विज्ञापन
विज्ञापन
बागेश्वर। एक साल पहले अस्तित्व में आए बागेश्वर का रोडवेज डिपो अब तक व्यवस्थित नहीं हुआ है। लंबी दूरी की आठ बस सेवाओं में से आधी ही बस डिपो के अधीन हुई हैं। डिपो के पास केवल 11 बसों का बेड़ा है। इनमें से 9 बस उम्र पूरी करने जा रही हैं। डिपो के पास एक भी नई बस नहीं है।
विज्ञापन

बागेश्वर जिले से बागेश्वर-बरेली, धरमघर-दिल्ली वाया रीमा, अठपैंसिया-दिल्ली, भराड़ी-दिल्ली, मुनस्यारी-दिल्ली, बागेश्वर-देहरादून वाया गरुड़, बागेश्वर-दिल्ली वाया कौसानी-रानीखेत, धरमघर-दिल्ली वाया कांडा बस सेवा का संचालन होता है। अब तक केवल बागेश्वर-बरेली, धरमघर-दिल्ली वाया रीमा, अठपैंसिया-दिल्ली, भराड़ी-दिल्ली बस सेवा ही बागेश्वर डिपो के अधीन हुई हैं।

मुनस्यारी-दिल्ली बस सेवा पिथौरागढ़ डिपो से संचालित हो रही है। बागेश्वर-देहरादून वाया गरुड़ बस सेवा पर्वतीय डिपो देहरादून के अधीन संचालित हो रही है। बागेश्वर-दिल्ली वाया कौसानी-रानीखेत बस सेवा और धरमघर-दिल्ली वाया कांडा बस सेवा काठगोदाम डिपो के अधीन हैं।
विज्ञापन


डिपो कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बस बेड़े में शामिल 11 में से 9 बस छह से सात लाख किमी चल चुकी हैं। दो बस चार लाख से अधिक किमी चल चुकीं हैं। बस की अधिकतम उम्र आठ लाख किमी होती है। इसके बाद बसों की नीलामी करने का नियम है। पटरी पर आने के लिए छटपटा रहे बागेश्वर डिपो की व्यवस्थाएं कब ढर्रे पर आती हैं, यह अहम और सुलगता सवाल है।


आधे रास्ते में हांफ जाती हैं बस
बागेश्वर। पुरानी बसों के सहारे चल रहे डिपो की बसें कब, कहां दगा दे जाएं, यह निश्चित नहीं है। लंबी दूरी की यह बस सेवाएं पुरानी बसों का खामियाजा भुगत रही हैं। कई बार बस जहां-तहां खड़ी हो जाती हैं। बीते अगस्त में ही दो बसों में रास्ते में खराबी आई थी, यात्री परेशान रहे थे। संवाद

जल्द ही बागेश्वर जिले से संचालित शेष चार बस सेवा भी बागेश्वर डिपो के अधीन हो जाएंगी। इन बस सेवाओं की बसों में कई बस नई हैं। नए रूटों पर बसों का संचालन डिपो के व्यवस्थित होने के बाद ही होगा। मुख्यालय स्तर से नई बसों की खरीद होने पर डिपो को भी नई बसें आवंटित होंगी। - राजेंद्र कुमार, प्रभारी सहायक महाप्रबंधक, बागेश्वर डिपो परिवहन निगम
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें