गरुड़ (बागेश्वर)। पंचायत प्रतिनिधियों और राजकीय ठेकेदारों ने सीएम से विकासपरक निर्माण कार्यों के लिए नदियों और निर्माण कार्य के लिए पत्थर चुगान की अनुमति देने की मांग की है।
डीएम के माध्यम से सीएम को भेजे पत्र में पंचायत प्रतिनिधियों और राजकीय ठेकेदारों ने निर्माण कार्यों के लिए उन्हें निर्माण कार्य स्थल और स्थानीय नदियों में चुगान की अनुमति देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निर्माण एजेंसियां पंचायतों और राजकीय ठेकेदारों से निर्माण कार्यों में रायल्टी वर्षों से लेती आ रही है। निर्माण कार्य के लिए मैदानी क्षेत्र पत्थर और रेता क्रय करना उन्हें महंगा पड़ रहा है। इसके चलते उन्हें काफी नुकसान हो रहा है। ज्ञापन में ग्राम प्रधान संगठन के जिला संरक्षक प्रकाश कोहली, नवीन ममगई, हरीश रावत चंदन परिहार, बलवंत भंडारी, पंकज रावत, कंचन थायत, डीके जोशी, प्रीतम सिंह, ग्राम प्रधान भरत राम,कैलाश परिहार आदि के हस्ताक्षर हैं।
इधर हिमालयी क्षेत्र में पर्यावरण के क्षेत्र में वर्षों से काम कर रहे भुवन पाठक ने सरकार पर नदी-नालों को पूंजीपति लोगों के हवाले करने पर चिंता जताई है। पाठक ने बताया कि उत्तराखंड के जल, जंगल, जमीन को हम सब लोगों ने बचाया है। धामी सरकार नदियों को पूंजीपति लोगों को औने-पौने दामों पर बेच रही है। उन्होंने निर्माण कार्यों के लिए पंचायतों को नदियों में चुगान की अनुमति देने के लिए कहा है। संवाद