बागेश्वर। खनिज फाउंडेशन न्यास से खुनौली गांव में मरम्मत और निर्माण कार्यों के लिए बजट आवंटन में अनदेखी से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर गांव के विकास कार्यों के लिए बजट स्वीकृत कराने की मांग की।
सोमवार को डीएम अनुुराधा पाल को दिए ज्ञापन में ग्रामीणों ने बताया कि खुनौली ग्राम पंचायत में खड़िया की चार खानों का संचालन हो रहा है। खनन गतिविधियों के चलते गांव में कई अव्यवस्थाएं हो रही हैं। भारी वाहनों के दबाव से गांव को जिला मुख्यालय से जोड़ने वाली सड़क खराब हो गई है। गांव में पक्की सड़कें नहीं हैं। बताया कि पूर्व में ज्ञापन देकर समस्याओं से अवगत कराया गया था। इसके बाद गांव में टीम भेजकर पक्के रास्ते, पुलिया, जलस्रोत के संरक्षण, मंदिर में धर्मशाला का निर्माण कराने के प्रस्ताव बनाए गए थे लेकिन न्यास ने बजट आवंटित नहीं किया।
ग्रामीणों ने बताया कि खुनौली गांव खनन से अति प्रभावित होने के बावजूद न्यास से विकास कार्यों के लिए बजट आवंटित नहीं होने पर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। ग्रामीणों ने फाउंडेशन से विकास कार्यों को प्राथमिकता से स्वीकृति देते हुए बजट देने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान नवीन कांडपाल, अरुण कुमार, कमल कांडपाल आदि मौजूद रहे।