गरुड़ (बागेश्वर)। लाहुरघाटी की संचार व्यवस्था चरमरा गई है। आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील लाहुरघाटी के ग्रामीण फोन करने के लिए घर से 20 किमी दूर डंगोली या फिर वज्यूला जाने के लिए मजबूर हैं। लाहुरघाटी महापंचायत ने डीएम बागेश्वर से लाहुरघाटी में संचार सेवा सुधारने या सैटेलाइट फोन लगाने की मांग की है।
विकासखंड गरुड़ का छानीसेरा, दाड़िमखेत, सैलानी, सुराग, भगदानू, सिमगढ़ी, लमचूला, डाकघट हरबाड़, पंद्रहपाली गांव आपदा की दृष्टि से अति संवेदनशील है। इसके बावजूद घाटी के कम गांंवों में ही मोबाइल फोन में सिग्नल आ रहे हैं जबकि हिमालय की तलहटी पर बसे इन गांवों में आजकल रोज बारिश हो रही है। इससे आपदा का खतरा है। लाहुरघाटी महापंचायत संघ के अध्यक्ष ईश्वर परिहार ने बताया कि मोबाइल में सिग्नल पाने के लिए घाटी के कई उपभोक्ता अपने मोबाइल को घर के पास पेड़ में ऊंचाई पर बाधने के लिए मजबूर हैं। पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवेंद्र परिहार ने डीएम बागेश्वर से बरसात में डाकघट में एक पटवारी तैनात करने की मांग की है।