अल्मोड़ा। हिमालयन वेलफेयर कांट्रेक्टर सोसाइटी के नेतृत्व में ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालय पहुंच कर शासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। आक्रोशित ठेकेदारों ने लोनिवि निर्माण खंड, प्रांतीय खंड, पीएमजीएसवाई सहित अनेक कार्यालयों में तालाबंदी कर जल्द मांगें पूरी नहीं होने पर अनिश्चितकालीन तालाबंदी की चेतावनी दी है।
मंगलवार को ठेकेदारों ने लोनिवि कार्यालय के प्रांगण में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ठेकेदारों ने लोनिवि निर्माण खंड, प्रांतीय खंड, पीएमजीएसवाई, सिंचाई खंड, आरईएस सहित अनेक विभागों में प्रदर्शन कर तालाबंदी की। उन्होंने शासन की ओर लिए जा रहे पांच गुना रायल्टी के आदेश को हटाने, निर्माण कार्यों में समयवृद्धि, विचलन और अतिरिक्त मद, पंजीकरण और नवीनीकरण में आ रही परेशानियों और जिला न्यास फाउंडेशन में रॉयल्टी का 25 प्रतिशत जमा कराने के विरोध में प्रदर्शन कर तालाबंदी की।
कांट्रेक्टर सोसाइटी के अध्यक्ष कुंदन सिंह बिष्ट ने चेतावनी दी कि अगर जल्द मांगे पूरी नहीं कि गई तो सभी ठेकेदार अनिश्चितकाल के लिए धरना प्रदर्शन और तालाबंद करेंगे। वहां प्रयाग बिष्ट, मुकेश भट्ट, राजेंद्र कनवाल, अकरम खान, गोपाल चम्याल, देवंद्र बिष्ट, अमर बिष्ट, संजय बिष्ट, हितेश भट्ट और गौरव वर्मा आदि थे।
रॉयल्टी कटौती के विरोध में ठेकेदारों ने किया प्रदर्शन
बागेश्वर। देयकों में रॉयल्टी की पांच गुना की कटौती से आक्रोशित ठेकेदारों ने विभागों में तालाबंदी कर प्रदर्शन किया। ठेकेदारों ने सरकार से जल्द रॉयल्टी कटौती में हुई बढ़ोतरी के आदेश को निरस्त करने की मांग की। जल्द समस्या का निदान नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेेतावनी दी।
ठेकेदारों ने लोनिवि, पीएमजीएसवाई, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण विभाग आदि में सांकेतिक तालाबंदी की और प्रदर्शन किया।
ठेकेदारों ने कहा कि सरकार ने देयकों में रॉयल्टी कटौती को पांच गुना कर दिया है। जिसके कारण ठेकेदारों को भारी नुकसान हो रहा है। जिले में खनिज फाउंडेशन न्यास की ओर से भी 25 फीसदी रॉयल्टी काटी जा रही है। ठेकेदारों ने रॉयल्टी कटौती के दोनों आदेशों को तत्काल निरस्त करने को कहा। ऑनलाइन होने से पूर्व ऑफलाइन के समय की जमानती राशि का भुगतान करने और बागेश्वर में अधीक्षण अभियंता का कार्यालय खोलने की मांग की। कहा कि जब तक ठेकेदारों की मांग पूरी नहीं की जाएगी तब तक आंदोलन जारी रहेगा। इस मौके पर पर्वतीय कांट्रेक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष हीरा बल्लभ भट्ट, महामंत्री संजय सिंह नेगी, दिनेश मेहता, किशन सिंह नगरकोटी, नवीन परिहार, अनिल टंगड़िया आदि मौजूद रहे।