बागेश्वर में डीएम को ज्ञापन सौंपते खुनौली के लोग। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। खनिज फाउंडेशन न्यास के बजट वितरण में गांव की अनेदखी किए जाने पर खुनौली के ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर खनन प्रभावित खुनौली गांव के विकास के लिए भी बजट आवंटन कराने की मांग की।
क्षेत्र पंचायत सदस्य चांदनी टम्टा के नेतृत्व में खुुनौली के ग्रामीण डीएम रीना जोशी से मिले। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में खड़िया की चार खान संचालित की जा रही हैं। गांव के तल्ला सन्यूणा, मल्ला सुन्यूणा और खुनौली खनन से प्रभावित हैं। इसके बावजूद खनिज फाउंडेशन न्यास से खनन प्रभावित क्षेत्रों को दी जाने वाली मदद गांव के विकास के लिए नहीं मिल रही है। कहा कि खनन से गांव की कृषि भूमि प्रभावित हो रही है। गांव की जमीन धंसने से मकानों को खतरा पैदा हो रहा है। पानी का जलस्तर भी कम होने लगा है।
ग्रामीणों ने खनिज फाउंडेशन न्यास से गांव के रास्ते, पेयजल व्यवस्था और विद्यालयों में सुधार लाने के लिए बजट देने और जल निकासी, सुरक्षा दीवार आदि का निर्माण कराने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान नवीन कांडपाल, अरुण कुमार, महेश कांडपाल, संतोष पांडेय, कृष्ण कांडपाल, भाष्कर पांडेय, हेमंत कांडपाल आदि मौजूद रहे।