बागेश्वर में पुलिस लाइन के समीप जलता चीड़ का जंगल।
- फोटो : अमर उजाला
जनपद में जंगलों के जलने का सिलसिला रुक नहीं रहा है। रविवार को जिला मुख्यालय सहित विभिन्न रेंजों के आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुई। कांडा रोड में गाड़ी से उतरे एक यात्री ने बीड़ी पी और जलती हुई माचिस की तीली पिरूल में फेंक दी। इससे वहां पर आग लग गई। आग फैलने से पहले ही वहां से गुजर रहे युवाओं ने आग बुुझाई।
रविवार दोपहर लगभग तीन बजे बागेश्वर-कांडा मोटर मार्ग में एक व्यक्ति बस से उतरा। उसने बीड़ी पीने के बाद माचिस की तीली पिरूल में फेंक दी। देखते ही देखते सूखे पिरूल में आग भड़क गई। दुपहिया वाहनों से वहां से गुजर रहे युवकों ने पेड़ों की हरी टहनियों की मदद से आग बुझाई।
उधर दफौट मोटर मार्ग में पुलिस लाइन के समीप कुछ अराजक तत्वों ने शाम चार बजे के लगभग आग लगा दी। कुछ ही देर में आग की लपटों ने पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले लिया। पूरे इलाके में धुआं ही धुआं छा गया। देर शाम तक आग बुझाने के कोई प्रयास नहीं हुए थे। इधर वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि वन्य संपदा को बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे व्यक्तियों की पहचान होने पर संबंधित के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।