जनपद में विधानसभा चुनाव 2017 की तैयारियों के लिए डीएम एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मंगेश कुमार घिल्डियाल ने नामित नोडल एवं प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक कर उनके दायित्वों के बारे में विस्तार सेे जानकारी दी।
डीएम ने कहा कि विधानसभा चुनाव 2017 के लिए बागेश्वर जिले के दो विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचन संबंधी विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारु ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नोडल एवं प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। ये सभी अधिकारी निर्वाचन समाप्ति तक अपने विभागीय कार्यों के साथ-साथ नोडल अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी निर्वाचन के कार्यों का भी संपादन करेंगे।
डीएम ने कहा कि चुनाव एक महत्वपूर्ण कार्य है और चुनाव के दौरान संबधित अधिकारियों द्वारा बरती गई कोई भी लापरवाही के लिए वे स्वयं उत्तरदायी होंगे। उन्होंने सभी एसडीएम व तहसीलदारों को बूथों, संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील बूथों का भलीभांति निरीक्षण करने को कहा। उन्होंने सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी को सभी नोडल अधिकारियों को उनके कार्य क्षेत्र से संबंधित विवरण की बुकलेट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मोबाइल ऐप का भी सहयोग लेने को कहा। बैठक में एसपी सुखबीर सिंह, एडीएम एसएस जंगपांगी, डीडीओ केएन तिवारी, वरिष्ठ कोषाधिकारी भास्करानंद पांडेय, एसडीएम श्याम सिंह राणा, एनएस नगन्याल, रेखा कोहली, रविंद्र सिंह बिष्ट, रिंकू बिष्ट, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य, तहसीलदार बहादुर सिंह कुमल्टा, पूरन सिंह सहित सभी नोडल एवं प्रभारी अधिकारी मौजूद थे।