कपकोट विकास खंड के सुदूरवर्ती गांवों में छोटी और बड़ी माता का प्रकोप चल रहा है। रोग से कई बच्चे पस्त हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमेड़ीदेवी में लंबेे समय से डॉक्टर नहीं होने से पीड़ितों की समस्या दोगुनी हो गई है। भाजपा नेता ख्याली दत्त जोशी के अनुसार जाखनी, मजगांव, भंतोला, शेरी आदि गांवों में छोटी और बड़ी माता का प्रकोप चल रहा है। इस रोग से कई बच्चे पस्त पड़े हैं। बच्चों को तेज बुखार के साथ ही खांसी की भी शिकायत हो रही है।
उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कमेड़ीदेवी में डॉक्टर की तैनाती तो है, लेकिन उन्हें कहीं अन्य संबद्ध किया गया है। स्वास्थ्य सुविधा नहीं मिलने से पीड़ितों की समस्या दोगुनी हो गई है। उन्होंने सीएमओ से तुरंत चिकित्सा टीम प्रभावित गांवों में भेजने की मांग की है। इधर सीएमओ डॉ. शैलजा भट्ट ने बताया कि गांवों में छोटी और बड़ी माता की बीमारी की सूचना अभी तक उन्हें नहीं मिली है। वह सीएचसी कपकोट के प्रभारी चिकित्साधिकारी को गांव में भेजकर प्रभावितों का उपचार करने के निर्देश देंगी।