बाहर से आने वाले सभी वाहनों की चेकिंग की जाए। सभी उपजिलाधिकारी और तहसीलदार शराब और चरस का अवैध धंधा करने वालों पर शिकंजा कसने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करें। यह निर्देश जिलाधिकारी भूपाल सिंह मनराल ने मासिक स्टाफ बैठक में दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित मासिक बैठक में डीएम भूपाल सिंह मनराल ने एसडीएम और तहसीलदारों को चेकिंग अभियान के लिए रोस्टर तैयार करने को कहा। उन्होंने पुलिस विभाग को बाहर से आने वाली गाड़ियों पर निगरानी रखते हुए उनकी चेकिंग करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विधान सभा चुनावों में शांतिपूर्ण व्यवस्था के लिए अराजक तत्वों को चिन्हित कर उन पर कड़ी निगरानी रखने को कहा। उन्होंने सभी उपजिलाधिकारियों को शस्त्र धारकों के लाइसेंस की चेकिंग कर अवैध पाए जाने पर जब्त की कार्रवाई करने के साथ ही शस्त्र की दुकान का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा पर चर्चा करते हुए पुलिस और परिवहन विभाग को राष्ट्रीय पर्वो पर लोगों को सड़क सुरक्षा की जानकारी देने के साथ ही स्कूलों में पंफलेट और पोस्टरों के माध्यम से भी प्रचार-प्रसार करने को कहा।
उन्होंने लोनिवि को दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सड़क के मोड़ों पर चेतावनी बोर्ड चस्पा करने और पूर्व में दुर्घटना हुए स्थानों को चिन्हित कर साइन बोर्ड लगाने और स्पीड ब्रेकर बनाने के निर्देश दिए।
डीएम ने न्यायालय में लंबित वादों पर चर्चा करते हुए समय से विवेचना कर वादों को निपटाने, मुख्य देय वसूली की समीक्षा करते हुए तहसीलों की कम वसूली पर नाराजगी जताते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय से पूर्ण करने, सबसे बडे बकायेदारों की सूची तैयार कर वसूली के लिए जरूरी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए सभी उपजिलाधिकारियों और तहसीलदारों को जनता को शौचालय निर्माण के लिए प्रेरित करने को कहा। बैठक में एसपी सुखवीर सिंह, एडीएम एसएस जंगपांगी, एसडीएम फिंचाराम चौहान आदि अधिकारी मौजूद थे।