ऐतिहासिक नुमाइशखेत से लगे चौरासि और वेणीमाधव इलाके में महीनेभर से पानी की आपूर्ति ठप है। नलोें में पानी न आने के कारण लोगों में गुस्सा है। गुस्साए लोगों ने बृहस्पतिवार को जोरदार नारेबाजी के साथ पेयजल संस्थान के खंडीय कार्यालय का घेराव किया।
वहां उन्हें कोई भी जिम्मेदार इंजीनियर न मिलने के कारण उनका गुस्सा दोगुना हो गया। उन्होंने चेतावनी दी कि पानी की आपूर्ति शीघ्र नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। चौरासि, वेणीमाधव, जीजीआईसी, शिशु मंदिर हाईस्कूल क्षेत्र के लोगों ने पेयजल संस्थान के खंडीय कार्यालय में आकर पीने का पानी नहीं मिलने पर सख्त नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि नलों में पानी नहीं आने के कारण जहां उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कपड़े धोने, नहाने की भी परेशानी हो रही है। पानी के चक्कर में उनके घरेलू काम भी चरमरा गए हैं। पेयजल संस्थान के कारिंदों से योजना में पानी चलाने के लिए कई बार मांग की लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
पीने के पानी के लिए उन्हें सरयू का सहारा लेने को मजबूर हैं। गंदा पानी पीने के कारण उनके स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। नलों में पानी न आने के बावजूद संस्थान उन्हें अनुमानित बिल थमा रहा है। इसके बाद उन्हाेंने कार्यालय में ज्ञापन सौंपा।
इसमें उन्होंने चेतावनी दी कि नलों में पानी न बढ़ने पर आंदोलन किया जाएगा। घेराव, प्रदर्शन करने वालों में दीप चंद्र जोशी, बाला दत्त तिवारी, लीलाधर उपाध्याय, नंदन सिंह दफौटी, हेम चंद्र पंत, पूरन जोशी, पूर्व सभासद जीवंती कांडपाल, दीवान सिंह, दीप पांडे, उमेश चंद्र जोशी आदि थे।