बागेश्वर। छतीना-मनकोट क्षेत्र का रविवार की रात आग की चपेट में आ गया। ग्रामीणों ने आग लगने की सूचना वन विभाग को दी। रेंजर केवलानंद पांडेय ने बताया कि विभागीय कर्मचारियों ने मौके पर जाकर आग को काबू किया, हालांकि आग वन क्षेत्र में नहीं थी। सिविल भूमि में आग लगी थी, जिसे कर्मचारियों ने काबू कर लिया था। उन्होंने बताया कि फिलहाल आरक्षित वन क्षेत्र को आग से नुकसान नहीं हुआ है।
बाल-बाल बचा आरएफसी गोदाम
बागेश्वर। आरएफसी गोदाम के पास जंगल में आग लगने से वनसंपदा को काफी नुकसान हुआ। आग फैलने की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग ने घटनास्थल पर जाकर घंटों मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया।
रविवार की शाम गोदाम के पास जंगल में भीषण आग लगने की सूचना मिली। आग की लपटों ने लगभग पूरे जंगल को अपनी चपेट में ले लिया था। जिसके कारण आधे से अधिक पेड़, झाड़ियां जलकर राख हो गई। तेज हवा के कारण आग की लपटें बढ़ रहीं थी और पास में स्थित गोदाम की ओर आग तेजी से बढ़ रही थी। इसकी सूचना अग्निशमन विभाग को मिलने के बाद एफएसएसओ दिनेश चंद्र पाठक के नेतृत्व में टीम वहां पहुंची। तत्काल साहसिक कार्रवाई करने के बाद और घंटों मशक्कत के बाद टीम ने आग को गोदाम की ओर बढ़ने से रोक लिया। इस दौरान त्रिलोक राम, जगदीश सिंह , हिना, लोकेश, पूजा मौजूद रहे। संवाद