राजूहा करूली में प्रदर्शन करते अभिभावक।
- फोटो : अमर उजाला
अराजक तत्वों ने राजकीय जूनियर हाईस्कूल करुली के तीन शौचालयों में लगी सीटों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने विद्यालय की खिड़कियों को भी तोड़ने का प्रयास किया। विद्यालय में हुई तोड़फोड़ की घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस से तोड़फोड़ करने वालों का शीघ्र पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार बृहस्पतिवार की शाम कुछ अराजक तत्वों ने राजूहा करुली के तीन शौचालयों में लगी सीटों को क्षतिग्रस्त कर दिया। उन्होंने विद्यालय की खिड़कियों को तोड़ने का प्रयास किया है। शुक्रवार को छात्र व शिक्षक स्कूल पहुंचे तो उन्हें विद्यालय के शौचालयों के सीट क्षतिग्रस्त मिली। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल में पहुंच गए। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए प्रशासन से बदमाशों का शीघ्र पता लगाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करने की गुहार लगाई।
ग्रामीणों ने तय किया कि वह अब खुद ही विद्यालय की देखभाल करेंगे। परिसर में मवेशियों को चराने पर एक हजार का जुर्माना वसूला जाएगा। तोड़फोड़ करने वालों के लिए नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई के लिए बाध्य होना पड़ेगा। इस मौके पर ग्रामीण राम सिंह खेतवाल, हयात सिंह और श्याम सिंह खेतवाल ने अपनी तरफ से विद्यालय को एक-एक शौचालय सीट उपलब्ध कराने की बात की। इस मौके पर क्षेत्रीय विधायक बलवंत भौर्याल से विद्यालय की चहारदीवारी बनाने, बिजली और पीने के पानी की व्यवस्था जल्द कराने की मांग की। ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षण व्यवस्था की सराहना की। बसंत कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक का संचालन नरेंद्र गोस्वामी ने किया। वहां एसएमसी अध्यक्ष सुुरेंद्र सिंह, मोहन सिंह खेतवाल, भागीरथी देवी, पुष्पा, विमला, गंगा, नरुली, गंगा साह, प्रमोद खेतवाल, जगत प्रकाश, पुष्पा देवी, हरीश जोशी, बंशी लाल, केदार सिंह खेतवाल, भूपाल सिंह, सीआरसी फल्यांटी समन्वयक मोहन चंद्र साह, विनीता सोनी, बसंती गोस्वामी आदि थे।