बागेश्वर। डीएम अनुराधा पाल ने जिला अवैध खनन निरोधक समिति की बैठक में कहा कि जिले में खड़िया खनन मानकों के अनुसार और निर्धारित समय पर ही किया जाएगा। रात में खनन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने पुलिस और राजस्व विभाग को खड़िया खदान में काम करने वाले श्रमिकों का शत प्रतिशत सत्यापन कराने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि खनन का सत्र शुरू होने वाला है। इस दौरान बिना तोल के किसी भी खनन वाहन को खनन सामग्री ले जाने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने एआरटीओ को कांडा, रीमा और कपकोट सड़क मार्ग पर धर्मकांटे वालों से वार्ता करने के लिए कहा। खदान मालिकों से खनन क्षेत्र में श्रमिकों के लिए आवास, शौचालय, पेयजल, बिजली और स्वास्थ्य व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए।
समिति के सभी सदस्य ग्राम प्रधानों से अपने-अपने क्षेत्र में खड़िया खान में किसी प्रकार की अनियमितता होने, नदी-नालों, गाड़-गधेरों, जल स्रोत, गूल और पैदल रास्तों पर खनन के मलबे की सूचना देने के लिए कहा ताकि उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सके।
खनन समिति के सदस्यों ने आबादी वाले क्षेत्र, नदी-नाले, जल स्रोत, पैदल रास्ते और मंदिरों के पास खनन पर प्रतिबंध लगाने, जेसीबी से खनन रोकने, निकाली गई खड़िया का भंडारण निश्चित स्थान पर करने और समय-समय पर खनन क्षेत्र का निरीक्षण करने की मांग की। बैठक में एसडीएम मोनिका, सीओ अंकित कंडारी, खान अधिकारी विरेंद्र सिंह, एआरटीओ पंकज श्रीवास्तव, समिति सदस्य वृक्ष मित्र किशन सिंह मलड़ा, ग्राम प्रधान बलवंत सिंह, जगदीश बाफिला, मनोज भौर्याल आदि मौजूद रहे। संवाद