बागेश्वर। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय भारत सरकार, भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एल्मिको) कानपुर और समाज कल्याण विभाग की ओर से यहां नुमाइशखेत में जिलास्तरीय दो दिनी शिविर लगाया गया है। इसमें वीडियो कांफ्रेंसिंग से जुड़े केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत ने कहा कि दिव्यांग और वरिष्ठ नागरिक आदर के पात्र हैं। इनकी सहायता के लिए सरकार तत्परता से कदम उठा रही है। कार्यक्रम में मौजूद प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने भी सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों को दी।
केंद्रीय मंत्री गहलोत ने का कि दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों की आवश्यकताओं के अनुसार उन्हें उपकरण उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार ने राष्ट्रीय बयोश्री योजना एवं एडिप योजना का शुभारंभ किया है। इन योजनाओं से दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि एल्मिको कृत्रिम अंग तैयार कर रहा है। देश में दो हजार कैंपों का आयोजन कर 17 लाख लोगों को 10 हजार करोड़ के उपकरण उपलब्ध कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि बागेश्वर जिले में चयनित 1080 लाभार्थियों को 92. 62 लाख रुपये की लागत से 3169 सहायक यंत्र एवं उपकरण बांटे गए हैं। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों को ज्वायस्टिक ऑपरेटेड व्हील चेयर, दृष्टिबाधितों के लिए स्मार्ट केन, टैबलेट, डिजी प्लेयर, श्रवण बाधितों के लिए कान की डिजिटल मशीन आदि बांटे गए हैं।
कार्यक्रम के अति विशिष्ट अतिथि समाज कल्याण मंत्री यशपाल आर्य ने कहा कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में दिव्यांगजनों और वृद्धजनों के लिए शिविरों का आयोजन करते हुए उन्हें कृत्रिम अंग उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृत्रिम अंग के लिए पहले सात श्रेणियां थीं अब सरकार ने 21 श्रेणियां बना दी हैं। प्रवक्ता दीप जोशी ने संचालन किया। कार्यक्रम में सांसद अजय टम्टा, बीस सूत्री कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष शेर सिंह गढ़िया, पूर्व मंत्री राम प्रसाद टम्टा, जिपं अध्यक्ष बसंती देव, विधायक चंदन राम दास, विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नवीन परिहार, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल, पूर्व जिपं अध्यक्ष विक्रम शाही, कपकोट के ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू, बागेश्वर की प्रमुख पुष्पा देवी, एडीएम हेमंत कुमार वर्मा, एसडीएम बागेश्वर योगेंद्र सिंह, कपकोट प्रमोद कुमार, डीडीओ केएन जोशी, जिला समाज कल्याण अधिकारी बीसी जोशी, एल्मिको के उपप्रबंधक हरीश कुमार, तहसीलदार नवाजिश खलीक आदि थे।
इनको दिए गए उपकरण
रोहित कुमार, किशन सिंह मेहरा को व्हीलचेयर, कमला देवी को स्मार्ट केन, दिनेश लाल को ट्राईपौड, भूपाल सिंह को कृत्रिम अंग पैर, तिल राम, जगत सिंह को कान की मशीन, शिविर में 24 फोल्डिंग वॉकर, 66 टेट्रापौड, 54 ट्राईपौड, 453 नजर का चश्मा, 456 कृत्रिम दांत बत्तीसी, 332 फोल्डिंग व्हील चेयर, 02 सीपी चेयर, 36 बैसाखी, 838 वॉकिंग स्टिक, एक स्मार्टकेन, दो रोलेटर, 883 बीटीई कान की मशीन, एक एमएसआईडी किट, 20 कृत्रिम अंग एवं कैलिपर्स बांटे गए।
गायिका ईशा को मंत्री ने दिलवाए पांच हजार रुपये
कार्यक्रम में राज्य स्तरीय कला उत्सव की विजेता गायिका ईशा धामी ने गीत प्रस्तुत किए। केंद्रीय मंत्री थावर चंद्र गहलोत, समाज कल्याण मंत्री यशपाल और सांसद अजय टम्टा के हाथों उन्हें पांच हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिलाया।
फोटो 19 बीजीएस 05 से 08 पी