राष्ट्रीय मतदाता दिवस के मौके पर 25 जनवरी को जागरूकता रैलियां होंगी। 100 साल से अधिक आयु के मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा।
नए मतदाताओं को सम्मानित करने के साथ ही फोटो पहचान पत्रों का वितरण किया जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी एसएस जंगपांगी ने राष्ट्रीय मतदाता दिवस की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि 25 जनवरी को सभी तहसील, ब्लॉक मुख्यालयों पर जागरूकता रैलियां निकाली जाएंगी। विभिन्न स्कूलों के छात्र, एनसीसी कैडेट रैली निकालेंगे और सभी से मतदान में भाग लेने का आह्वान करेंगेे।
उन्होंने कहा कि इसी दिन 100 साल से अधिक आयु के मतदाताओं को सम्मानित किया जाएगा। नए मतदाताओं को फोटोयुक्त पहचान पत्र दिए जाएंगे। उन्हें मतदाता जागरूकता संबंधी पुस्तिकाएं दी जाएंगी, जनजागरण में सहयोग करने को कहा जाएगा।
स्कूलों में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं होंगी। उन्होंने कहा मतदाता दिवस से पूर्व जिले में मतदाता रथ भी संचालित किए जाएंगे, जिनमें मतदाता रजिस्ट्रेशन प्रारूप भी होंगे। मौके पर ही नए मतदाताओं का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। सभी स्कूलों, सरकारी कार्यालयों में शपथ दिलाई जाएगी।
बैठक में एसडीएम फींचाराम चौहान, कपकोट के एसडीएम केएस टोलिया, कांडा की रेखा कोहली, सहायक निर्वाचन अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य, मुख्य शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र आर्य, तहसीलदार पदम सिंह मेहरा, कपकोट के तहसीलदार मदन सिंह बिरोड़िया सहित कई अधिकारी मौजूद थे।