बागेश्वर में चरस तस्करी के आरोपी की गिरफ्तारी पर प्रेसवार्ता करतीं नवागंतुक एसपी रचिता जुयाल।
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कोतवाली पुलिस ने 2.22 किलो चरस के साथ कपकोट निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। एसपी रचिता जुयाल ने मंगलवार को पुलिस लाइन मालता में प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि कोतवाली प्रभारी मदन लाल सोमवार को शाम आरे-द्यांगड़ बाईपास में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शक होने पर उन्होंने कपकोट की तरफ से पैदल आ रहे कपकोट के ग्राम कीमू निवासी लछम सिंह की तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके पास से दो किलो 225 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस माल जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार लिया। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब सवा दो लाख रुपये आंकी गई है। लछम सिंह का एनडीपीएस एक्ट के चालान किया गया है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह इस चरस को बेचने हल्द्वानी ले जा रहा था। उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे अल्मोड़ा जेल भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में एसआई कृष्ण गिरी, अशोक पंवार, दीवान प्रसाद आदि थे।