बागेश्वर। सरयू नदी किनारे संदिग्ध अवस्था में मिली महिला की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। महिला के भाई ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
बुधवार को पोलिंग गांव की हेमा देवी जिला मुख्यालय में नुुमाइशखेत के पास नदी किनारे संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोश मिली थी। महिला को आसपास के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया था। महिला की मौत की सूचना के बाद अस्पताल पहुंचे मायके और ससुराल पक्ष में तीखी बहस हुई थी। मृतका के भाई दीपक कुमार ने महिला की मौत के लिए पति को जिम्मेदार बताया था। उसका कहना था कि उसकी बहन की मौत के लिए ससुराल वाले जिम्मेदार हैं। मौत से पहले उसकी बहन से फोन पर बात हुई थी। उसके बाद उसके पति ने बहन को फोन किया था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर तकरार हुई थी।
उन्होंने कोतवाली में तहरीर देकर मृतका के पति हयात चंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। मृतका का पति उत्तराखंड पुलिस का जवान है। इन दिनों वह हरिद्वार में कुंभ की ड्यूटी में तैनात है। बृहस्पतिवार सुबह वह भी बागेश्वर पहुंचा है। इधर, कोतवाल डीआर वर्मा ने बताया कि मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर मृतका के पति के खिलाफ धारा 306 और 498 ए आईपीसी में मामला दर्ज कर लिया गया है। उधर, सीओ शिवराज सिंह राणा ने कहा कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।