कफौली में इस तरह नजदीक से गुजरती हैं 11 और 33 केवी की लाइन। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। कपकोट के कफौली के मुवानी तोक में बृहस्पतिवार को करंट की चपेट में आने से दो लोगों के मारे जाने के मामले में कपकोट थाने में जेई और लाइनमैन के खिलाफ मुकदमा दर्ज हो गया है। कपकोट के थानाध्यक्ष कैलाश सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतकों के परिजनों की तहरीर पर यूपीसीएल के जेई राजेंद्र शाही और लाइनमैन राजेंद्र सिंह के खिलाफ आईपीसी की धारा 304 ए (लापरवाही) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच उप निरीक्षक लोकेश रावत को सौंपी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को भी इस मामले में जेई को थाने बुलाकर पूछताछ की थी।
हरसीला और कफौली के बीच 11 हजार केबी की लाइन की मरम्मत के दौरान ग्रामीण नवीन पांडे (30) पुत्र ख्याली दत्त पांडे निवासी कफौली (हरसीला), गोपाल दत्त जोशी (42) पुत्र खीमानंद जोशी की मौत हो गई थी। ग्रामीण भुवन सिंह कोरंगा (35) पुत्र नैन सिंह निवासी, दिनेश चंद्र पांडे (42) पुत्र नरोत्तम पांडे के साथ ही लाइनमैन राजेंद्र सिंह (52) पुत्र विशन सिंह निवासी गोलना (कपकोट) झुलस गए थे। भुवन सिंह कोरंगा भी काफी झुलसा है। उसका हल्द्वानी में इलाज चल रहा है।
:: इनसेट :: साफ झलक रही यूपीसीएल की लापरवाही :: बागेश्वर। कफौली में हुए हादसे में यूपीसीएल के अधिकारियों की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है। लोगों का कहना है कि लाइन की मरम्मत के लिए कुशल मजदूरों को ले जाने के बजाय जेई और लाइनमैन ने स्थानीय लोगों से तार खिंचवाने का काम किया। 11 केवी की लाइन के पास से गुजर रही 33 केवी की लाइन में शटडाउन नहीं लिया, जिससे दो लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा।
::इनसेट:: भुवन की हालत में सुधार, अन्य दो को अस्पताल से छुट्टी :: बागेश्वर। हादसे में झुलसे भुवन सिंह कोरंगा की हालत में सुधार बताया जा रहा है। उसका हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुक्रवार को लाइनमैन राजेंद्र सिंह और ग्रामीण दिनेश चंद्र पांडे को जिला अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
::इनसेट :: गमगीन माहौल में हुई मृतकों की अंत्येष्टि :: बागेश्वर। करंट की चपेट में आने से मारे गए नवीन पांडे और गोपाल दत्त जोशी की बृहस्पतिवार देर शाम कपकोट के सरयू घाट में गमनीम माहौल में अंत्येष्टि की गई। मृतक गोपाल दत्त जोशी के तीन तो मृतक नवीन का एक बच्चा है। परिजनों पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है।
:: मामले की होगी जांच :: अधिशासी अभियंता भाष्कर पांडेय का कहना है कि प्रकरण की विभागीय जांच कराई जा रही है। उपखंड अधिकारी एसएस भंडारी को जांच सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कदम उठाया जाएगा। जांच के बाद ही मृतकों के परिजनों और झुलसे लोगों को नियमानुसार आर्थिक सहायता देने का निर्णय लिया जाएगा।