बागेश्वर। बागेश्वर-कांडा स्टेशन में खड़ी मैक्स जीप पीछे की ओर सरकने के बाद भागीरथी नाले में गिर गई। मैक्स के पेड़ से टकराकर रुक गई। एक महिला यात्री को बेहद घबरा जाने के कारण जिला अस्पताल में भर्ती करना पड़ा। बुधवार की सुबह कांडा टैक्सी स्टैंड की चढ़ाई पर मैक्स जीप यूके 02टीए-0758 का चालक सूरज बोरा जीप की छत में सामान रख रहा था।
बताया जा रहा है कि जीप में बैठी एक बच्ची से क्लच दबते ही जीप पीछे को सरकने लगी और भागीरथी नाले में गिर गई। इससे जीप में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि जीप एक आडू के पेड़ से टकरा कर रुक गई। घटना के समय जीप में सात यात्री सवार थे। आसपास मौजूद लोगों ने यात्रियों को बाहर निकाला। किसी भी यात्री को चोट नहीं आई, लेकिन जीप में सवार सानीउडियार निवासी पुष्पा देवी इस हादसे से बेहद घबरा गईं। इस पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती किया गया।