बागेश्वर में ज्वेलरी की दुकान पर मौजूद एकमात्र ग्राहक। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : AMAR UJALA
बागेश्वर। लॉकडाउन के कारण विवाह कार्यक्रम स्थगित हाेने से करीब 70 प्रतिशत गहनाें के आर्डर कैंसिल हो गए हैं। पहले काेराेना संक्रमण के कारण विदेशों से साेने का आयात बंद हुआ और अब लॉकडाउन के कारण विवाह कार्यक्रम टलने से साेने का व्यापार कम हाे गया है। बागेश्वर नगर में ज्वैलरी की 34 दुकानें हैं। जिनका लॉकडाउन के बाद से काराेबार बिल्कुल ठप हाे गया है। हालांकि जिले के ग्रीन जाेन में शामिल होने के कारण मिली छूट के कारण स्वर्णकारों की दुकानें खुल रही हैं लेकिन बाहर से सोना न आने और भाव तय नहीं हाेने के कारण स्वर्णकार आभूषणों का आर्डर नहीं ले रहे हैं। सर्राफा व्यापारी अमित रस्ताेगी, निक्की वर्मा, कंचन वर्मा, सुनील रस्ताेगी ने बताया कि लॉकडाउन के बाद से साेने का आयात बंद है। बरेली मंडी बंद हाेने से सोना नहीं आ रहा है। फिलहाल साेने का भाव भी तय नहीं है। नए भाव क्या हाेंगे, इसकी काेई जानकारी नहीं है। विवाह कार्यक्रम टलने से लगभग 70 प्रतिशत लाेगाें ने अपने गहनाें के आर्डर फिलहाल कैंसिल कर दिए हैं। मंडी से भाव तय न हाेने के कारण आभूषणों का आर्डर नहीं लिया जा रहा है। कुछ लाेग पुराने जेवर लेकर आ रहे हैं। ग्राहकों की डिमांड पर आभूषणों को नए डिजाइन में ढाला जा रहा है। इससे उन लोगों को मेहनताना ही मिल पा रहा है।