बागेश्वर के बागनाथ मंदिर के पास तैनात जल पुलिस के जवान। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। नदियों पर पहरेदारी के लिए बागेश्वर ब्लॉक में जल पुलिस की एक विंग बनाई गई है। दो आरक्षी और तीन होमगार्ड के भरोसे जल पुलिस की विंग चल रही है। जल पुलिस नदियों के पास लोगों को जाने से रोकने के लिए मुस्तैद है, हालांकि नदियों में बाढ़ आने के चलते कोई हादसा होने की स्थिति में डूूबने वाले को बचाने के लिए पर्याप्त उपकरण नहीं हैं। बारिश के दौरान उफनती नदी में किसी को बचाना जल पुलिस के लिए कड़ी चुनौती साबित हो सकता है।
बागनाथ परिसर में स्थित जल पुलिस कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार वर्तमान में दो आरक्षी और तीन होमगार्ड के भरोसे जल पुलिस चल रही है। नदी में डूब रहे लोगों को बचाने के लिए जल पुलिस के पास लाइफ जैकेट, रस्सी, वायरलैस सेट आदि उपकरण हैं। इनसे सामान्य स्तर के जल में डूबने पर ही किसी की जान बचाई जा सकती है। उफान पर आईं नदियों में अचानक कोई घटना होने पर जल पुलिस के ये उपकरण किसी अनहोनी को बचाने के लिए पर्याप्त नहीं हैं। इसे देखते हुए जल पुलिस की तैनाती महज सूचना देने तक ही सिमट गई है।
जल पुलिस का काम बारिश के दौरान लोगों को नदियों में जाने से रोकना और नदी का जलस्तर बढ़ने पर चेतावनी देना है। अचानक हादसा होने पर भी जवान डूब रहे लोगों को बचाने में सक्षम हैं। हालांकि उफनती नदी से बचाने के लिए अधिक लोगों की जरूरत पड़ सकती है। ऐसे में बागनाथ मंदिर के समीप तैैनात जल पुलिस के जवान पुलिस और फायर विभाग को अलर्ट कर सकते हैं। - अमित श्रीवास्तव, एसपी