बागेश्वर। पंडित बीडी पांडेय परिसर सोमवार को ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुल गया है। परिसर में अभी नए प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी नहीं हुई है। इसके चलते कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है। नव प्रवेश के लिए विद्यार्थी अपने दस्तावेज जमा करा रहे हैं।
पंडित बीडी पांडेय परिसर और कांडा, दुग नाकुरी, गरुड़ के डिग्री कॉलेज एक महीने के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद खुल गए हैं। पहले दिन परिसर और कॉलेजों में सन्नाटा पसरा रहा। कुछ विद्यार्थी ही कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए कॉलेजों में पहुंचे। मेरिट लिस्ट जारी नहीं होने से परिसर और महाविद्यालयों में कक्षाओं का संचालन नहीं हो रहा है।
इससे नए प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। जिले के महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए 10 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। प्राप्त आवेदनों की मेरिट सूची जारी होनी शेष है। इसके बाद विद्यार्थियों को अपने दस्तावेजों का सत्यापन और विषयों का चयन करना होगा।
- कोट
ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद परिसर और जिले के सभी महाविद्यालय खुल गए हैं। मैरिट सूची जारी करने के लिए कमेटी का गठन किया जा रहा हैै। जल्द मैरिट सूची जारी कर प्रवेश की अग्रिम प्रक्रिया शुरू की जाएगी। - डॉ. गिरीश चंद्र साह, निदेशक पंडित बीडी पांडेय परिसर बागेश्वर