बागेश्वर के जूनियर हाईस्कूल उड़खुली में चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान चित्र बनाते विद्यार्थी। सं
- फोटो : बागेश्वर के जूनियर हाईस्कूल उड़खुली में चित्रकला प्रतियोगिता के दौरान चित्र बनाते विद्यार्थी। संवाद
बागेश्वर। राजकीय आदर्श जूनियर हाईस्कूल उड़खुली में तीन दिनी समर कैंप शुरू हो गया है। कैंप के पहले दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न गतिविधियों में भागीदारी कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कैंप का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षाप्रद कार्यक्रमों से जोड़ने के अलावा व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ाना है।
समर कैंप का शुभारंभ मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान राजन राम ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कैंप का भरपूर लाभ उठाने के लिए कहा। प्रधानाध्यापक शंकर लाल टम्टा ने बताया कि हर साल विद्यालय में गर्मियों के अवकाश में समर कैंप का आयोजन किया जाता है। विद्यार्थी उत्साह के साथ शिविर में भागीदारी करते हैं। वरिष्ठ शिक्षक उमेश चंद्र जोशी के मार्गदर्शन में छात्र-छात्राओं ने किचन गार्डन, कंप्यूटर, चित्रकला, पाक कला, गायन, नृत्य, कहानियां-कविता लेखन, पौधरोपण, खेलकूद गतिविधियों में भाग लिया। शिक्षक जोशी ने बताया कि कैंप में बच्चों को उनकी इच्छा के अनुसार कार्य करने का मौका दिया जाता है। कैंप के दौरान विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और निखारने का मौका मिलता है। इस मौके पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष महेश चंद्र, शिक्षक दीप कोहली, निर्मला अर्या समेत ग्रामीण सुरेश चंद्र, आशा देवी, उमा देवी, नंदी देवी आदि मौजूद रहे।