बागेश्वर में लॉकडाउन की धज्जियां उड़ाते हुए साइकिल खरीदकर ले जाता पुलिस कर्मी। साथ में खड़ा दुक?
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। लॉकडाउन के इस काल में आवश्यक सेवाओं के अतिरिक्त किसी भी दुकान को खोलने पर प्रतिबंध है लेकिन पुलिसिया हनक देखिए बागेश्वर में एक पुलिस कर्मी खुलेआम साइकिल की दुकान खुलवाकर शान से साइकिल खरीदकर ले गया।
वाकया बृहस्पतिवार सुबह का है। सुबह करीब पौने 10 बजे बागेश्वर के तहसील रोड में पहुंचे। थोड़ी देर बाद साइकिल की दुकान चलाने वाला व्यक्ति भी दुकान के पास पहुंच गया। प्रतीत हो रहा था कि पुलिस कर्मियों और साइकिल की दुकान चलाने वाले व्यक्ति के बीच पहले से बातचीत हुई है। साइकिल दुकानदार ने दुकान के साइड का शटर खोला और दोनों पुलिस कर्मी दुकान के भीतर चले गए। जाहिर था कि साइकिल की ही खरीदारी होनी थी।
सुबह करीब 10 बजे दुकानदार साइकिल हाथ में लेकर निकला। पुलिस कर्मी की बाइक पर साइकिल चढ़ाई गई। एक पुलिस कर्मी मौके से चला गया। बाइक सवार दूसरा पुलिस कर्मी थोड़ी देर सड़क में दुकानदार से बतियाने के बाद सुबह 10:05 बजे शान से बाइक में साइकिल लेकर चलता बना। जिसने भी यह वाकया देखा, उसके मुंह से बरबस ही निकला कि देखो पुलिस वालों के लिए कोई नियम नहीं हैं क्या। पुलिस कर्मी ऐसा हौसला तब दिखा रहे हैं, जब हाल में अनुशासनहीनता के आरोप में एसपी रचिता जुयाल एक दरोगा और एक सिपाही को निलंबित कर चुकी हैं। दोनों के खिलाफ कपकोट थाने में मुकदमा भी दर्ज हुआ है।
दुकान खुलवाकर साइकिल खरीदना बहुत गलत बात है। मामले की जांच कराई जाएगी। पुलिस कर्मी की पहचान कराई जाएगी। जांच के बाद इस मामले में निश्चत रूप से कार्रवाई होगी।
- रचिता जुयाल पुलिस अधीक्षक बागेश्वर