बागेश्वर। बागेश्वर में रोडवेज के साथ ही केमू की बस सेवाएं प्रभावित होने से यात्रियों को सफर के लिए टैक्सियों का सहारा सेना पड़ रहा है।
बस और स्टाफ की कमी के कारण बागेश्वर के रोडवेज डिपो की धरमघर-दिल्ली और मुनस्यारी-दिल्ली बस सेवा का संचालन पिछले तीन महीने से बागेश्वर से हो रहा है। यानि कि बस धरमघर और मुनस्यारी नहीं जा रही है। बागेश्वर से दिल्ली और दिल्ली से बागेश्वर तक ही इन बस सेवाओं का संचालन हो रहा है। डिपो की 15 में से पांच बस खराब हैं। दो बस चारधाम यात्रा में लगी हुई हैं। रोडवेज स्टेशन इंचार्ज केबी उपाध्याय का कहना है कि बस और स्टाफ की कमी के कारण दोनों बस सेवाओं का संचालन प्रभावित हो रहा है।
केमू की बसें चारधाम यात्रा में लगे होने के कारण पिछले करीब बीस दिन से हल्द्वानी-शामा और रानीखेत-ओगला बस सेवा का संचालन नहीं हो रहा है। बागेश्वर-पिथौरागढ़ बस सेवा भी अनियमित है। केमू के स्टेशन इंचार्ज केडी भट्ट का कहना है कि बसों की कमी के कारण बस सेवाएं प्रभावित हैं।