बागेश्वर। कमस्यार घाटी को यातायात सुविधा देने के लिए केमू प्रबंधन ने हल्द्वानी से सानीउडियार के लिए बस सेवा शुरू कर दी है। बस के यहां पहुंचते ही क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। इस क्षेत्र में बस नहीं आने के कारण लोग टैक्सियों की महंगी यात्रा करने को मजबूर थे।
मालूम हो कि हल्द्वानी से बांसपटान सेराघाट होते हुए हल्द्वानी के लिए कोई बस नहीं थी। लोगों को हल्द्वानी के लिए जिला मुख्यालय आकर बस पकड़नी पड़ती थी। केमू प्रबंधन ने अब इस क्षेत्र को यातायात से जोड़ने के लिए बस संचालित कर दी है। बस रोजाना सुबह सात बजे हल्द्वानी से चलकर वाया रावतसेरा बांसपटान सेराघाट होते हुुए सनीउडियार के हवनतोली में शाम चार बजे पहुंचेगी।
बस दूूसरी सुबह सात बजे इसी सड़क से होकर हल्द्वानी के लिए रवाना होगी। क्षेत्र की लंबित मांग पूरी होने पर उन्होंने जिला पंचायत अध्यक्ष हरीश ऐठानी, विधायक ललित फर्स्वाण का आभार जताया है। आभार जताने वालों में मनोज राठौर, केवलानंद पांडे, सुरेश रावत, सतीश उप्रेती, बहादुर सिंह डसीला, महेश रावत, आनंद खणांई, अनिल रौतेला आदि शामिल हैं।