बहुजन समाज पार्टी ने लोक सभा चुनाव 2019 को लेकर कमर कस ली है। लोकसभा स्तरीय बैठक में प्रदेश प्रभारियों ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर लोस तैयारियों की समीक्षा की और चुनाव में जीजान से जुटने का आह्वान किया।
रविवार को तहसील रोड स्थित एक होटल में बसपा की लोकसभा स्तरीय बैठक हुई। बैठक का शुभारंभ प्रदेश प्रभारी नंद गोपाल गौतम एवं अकील रहमान, लोस कोआर्डिनेटर बसंत कुमार ने किया। उन्होंने कहा कि भाजपा, कांग्रेस ने जनता को छला ही है, अब जनता तीसरा विकल्प चाहती है। बहन मायावती की सर्वजन हिताय सर्वजन सुखाय नीति से पहाड़ से मैदान तक एक समान विकास हो सकता है।
उन्होंने बहनजी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। साथ ही कहा कि चुनाव में पांचों सीटों पर पूरे दम खम से बसपा उम्मीदवार उतारेगी। लोस कोआर्डिनेटर बसंत कुमार ने कहा कि पहाड़, पिछड़े लोगों के विकास के लिए बसपा का जीतना जरूरी है। देश की जनता अब जुमलेबाजी से तंग आ चुकी है, अब वह काम चाहती है। इस दौरान किशन विश्वकर्मा, बीआर धौनी, सुंदर धौनी, हरीश सिनौली, राजेंद्र प्रसाद, भास्कर टम्टा, राम, विजय टम्टा, पुष्पा, किरन आशा, सुरेश राम आदि मौजूद थे।
बसंत कुमाऊं और सुंदर लोस प्रभारी बने
लोस स्तरीय बैठक में बसंत कुमार को कुमाऊं प्रभारी, सुंदर धौनी को अल्मोड़ा पिथौरागढ़ लोकसभा प्रभारी बनाया गया है। प्रदेश नेतृत्व ने उनसे लोस चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा।