बागेश्वर। नगर में 32 घंटे तक बीएसएनएल की सेवा बाधित रही। शुक्रवार दोपहर से बाधित संचार सेवा शनिवार सुबह बहाल हुई। इंटरनेट सेवा शनिवार को भी उपभोक्ताओं को परेशान करती रही।
शुक्रवार दोपहर करीब ढाई बजे बागेश्वर में बीएसएनएल की सेवा बाधित हो गई थी। लैंडलाइन, मोबाइल फोन के साथ ही इंटरनेट सेवा ठप होने से उपभोक्ता परेशान रहे। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के साथ ही मीडिया कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हो गया। बीएसएनएल के मोबाइल और लैंडलाइन फोन सेवा बंद होने के कारण खराबी कहां से और क्यों आई इसका उत्तर तक नहीं मिल सका। बीएसएनएल के अधिकारियों के फोन बंद हो गए थे।
शनिवार सुबह करीब साढ़े दस बजे बीएसएनएल की सेवा बहाल हुई। उसके बाद भी इंटरनेट कई बार धोखा देता रहा। बीएसएनएल की सेवा में लगातार आ रहे व्यवधान से उपभोक्ता परेशान हो गए हैं। बीएसएनएल की बदहाल सेवा को देखते हुए जिला मुख्यालय में लोग निजी कंपनियों की इंटरनेट सेवा का इस्तेमाल करने लगे हैं। कपकोट क्षेत्र में भी बीएसएनएल की सेवा बदहाल है। लोगों में सरकारी कंपनी की सेवाओं को लेकर रोष है।