जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (डीबीईओ) आकाश सारस्वत ने जिले के अनेेक स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें बीआरसी कपकोट के समन्वयक और प्राइमरी स्कूल कपकोट की सहायक अध्यापिका अनुपस्थित मिली।
उन्होंने समन्वयक का दो दिन और शिक्षिका का एक दिन का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण भी मांगा है। आंगनबाड़ी केंद्र की छौना की कार्यकत्री तीन दिन से अनुपस्थित मिली। जिस पर उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने को पत्र लिखा है।
डीबीईओ सारस्वत ने शनिवार को कपकोट ब्लॉक के स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने समन्वयक की अनुपस्थिति में बीआरसी कार्यालय के लिपिकों को समय पर सूचना न देने पर उन्हें लताड़ लगाई। प्राइमरी पाठशाला कपकोट में उन्हें सहायक अध्यापिका भी नहीं मिली।
उनका एक दिन का वेतन रोकने के निर्देश दिए। प्राइमरी पाठशाला असों, जूनियर हाईस्कूल गोलूना के निरीक्षण में खामी नहीं मिली। जिस पर उन्होंने असों की सहायक अध्यापिका ऋचा तिवारी और गोलूना के शिक्षक उमेश ऐठानी के कार्य की सराहना की।
बागेश्वर ब्लॉक के स्कूलों के निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजकीय इंटर कॉलेज हड़बाड़ में प्रार्थना सभा को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। जूहा पंद्रहपाली, प्राइमरी स्कूल पंद्रहपाली, छौना के शिक्षकों को भी आवश्यक निर्देश दिए। डीईओ ने प्राइमरी स्कूल छौना की सहायक अध्यापिका पूनम मेहता के कार्यों की सराहना की।
डीईओ बेसिक सारस्वत ने प्रधानाचार्यों को समय पर स्कूल खोलने, बंद करने, बच्चों को रुचिकर शिक्षा देने, उनका सामान्य ज्ञान बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी से अपने दायित्वों का निर्वहन समर्पितभाव से करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उनके साथ सर्व शिक्षा अभियान के जिला समन्वयक संजय कुमार भी मौजूद थे।