दीपावली में चाइनीज सामान का बहिष्कार करने को लेकर प्राइवेट शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा नगर में जागरूकता रैली निकाली गई। इस रैली में शामिल बच्चों ने नारे लगाकर चाइना में निर्मित सामान के बजाय स्वदेशी सामान खरीदने का आह्वान किया। इस दौरान बच्चों ने लोगों में पर्चे भी बांटे।
एसोसिएशन की ओर से निकाली गई रैली तहसील से शुरू होकर नगर के विभिन्न हिस्सों में घूमी। इस दौरान बच्चों ने हाथों में तख्तियां लेकर दीपावली में चीनी निर्मित सामान का बहिष्कार करने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में आयोजित एक गोष्ठी में वक्ताओं ने कहा कि हर साल दीवाली में लोग स्वदेशी के बजाय चीन में निर्मित सामान खरीदते हैं।
इससे देश का करोड़ों रुपये चीन चला जाता है। उन्होंने आह्वान किया कि चीन में निर्मित लड़िया और पटाखे न खरीदकर भारत में गरीब वर्ग द्वारा बनाए गए मिट्टी के दीये खरीदें। रैली में एनडी भट्ट, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष घनानंद जोशी, उमेश जोशी, प्रशांत पांडेय सहित सभी स्कूलों के शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल थे।