बागेश्वर। रसोई गैस का सिलिंडर बुक करने के लिए अब नंबर मिलाकर मोबाइल पर एक या दो का बटन दबाने की जरूरत नहीं है। बस एक मिस्ड कॉल दी और हो गई सिलिंडर की बुकिंग। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने बुकिंग प्रक्रिया को आसान बनाते हुए इस सुविधा को शुरू किया है। इसका लाभ आम ग्राहकों के साथ ही गैस बुकिंग करने में स्वयं को असहज पाने वाले बुजुर्गों और ग्रामीणों को मिलेगा।
तकनीकी ज्ञान के विस्तार से अब हर चीज आसान होने लगी है। रसोई गैस सिलिंडर लेने के लिए पूर्व में कार्यालय जाकर एक पर्ची कटानी पड़ती थी। जिसके बाद ऑयल कंपनी ने इस प्रक्रिया को आसान बनाते हुए फोन से गैस बुकिंग करने की सुविधा शुरू की। इस सुविधा के आने से लोगों को कार्यालय में जाकर लाइन लगाने से निजात मिली। आईवीआरएस प्रणाली के तहत सिलिंडर बुकिंग करने के लिए फोन नंबर मिलाने के बाद कंप्यूटर के बताए गए नंबरों को दबाना पड़ता था। जिसको लेकर कई लोग सहज नहीं हो पाते थे। इस कोरोना काल में अब ग्राहक केवल मिस्ड कॉल से ही गैस बुक करा सकते हैं।
इंडेन गैस सर्विस कार्यालय में तैनात लिपिक राजेश कुमार ने बताया कि इस सुविधा का लाभ लेने के लिए मोबाइल नंबर को ग्राहक संख्या के साथ रजिस्टर करना होगा। कार्यालय आकर लोग आसानी से अपने नंबर को लिंक करा सकते हैं। इसके बाद सिलिंडर बुक करने के लिए देश में कहीं से भी पंजीकृत मोबाइल नंबर से 8454955555 पर मिस कॉल देनी होगी। एक घंटी जाने के बाद कॉल स्वत: कट जाएगी और गैस सिलिंडर बुकिंग का मेसेज ग्राहक के मोबाइल पर आ जाएगा।