बागेश्वर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करने और जंगली जानवरों से निजात दिलाने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय मजदूर संघ ने कलक्ट्रेट में जोरदार प्रदर्शन किया। इसके बाद डीएम के माध्यम से इन मांगों से संबंधित ज्ञापन सीएम को भेजा गया।
भारतीय मजदूर संघ के जिलाध्यक्ष बहादुर सिंह रावत के नेतृत्व में कलक्ट्रेट में हुए प्रदर्शन के बाद डीएम को सौंपे ज्ञापन में कहा बारिश न होने से इस बार खेती पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। पहाड़ की खेती में बंदर, सुअर कहर बनकर टूट रहे हैं। परंतु कभी भी किसानों को पर्याप्त मुआवजा नहीं मिल पाता है। मंच के पदाधिकारियों ने पिछले साल आपदा से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा नहीं देने पर भी नाराजगी जताई। कहा सरकार की ओर से सभी प्रभावितों को 1500 रुपये का मुआवजा देने की घोषणा की गई थी परंतु प्रभावितों को यह धनराशि नहीं मिली है। प्रदर्शन करने वालों में जिला महामंत्री धीरज चंद्र जोशी, गणेश सिंह बोरा, कुंवर सिंह, विशन दत्त भट्ट, उमेद सिंह नेगी, शेर सिंह परिहार, हरीश सिंह, विनोद कुमार, मोहन सिंह, इंद्र सिंह परिहार आदि शामिल थे।