बागेश्वर/अल्मोड़ा। आपके रक्तदान से किसी की जान बच सकती है। इससे कई लोगों के चेहरे में खुशी ला सकता है। इसी कोशिश के तहत अमर उजाला फाउंडेशन हर वर्ष रक्तदान शिविरों का आयोजन कराता है। एक यूनिट रक्त में 350 मिलीग्राम रक्त लिया जाता है। रक्तदान के बाद खून की कमी 24 घंटे में पूरी हो जाती है। इसी क्रम में स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर एक अक्तूबर को बागेश्वर और अल्मोड़ा में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। रक्तदान करने वाले सभी लोगों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
बागेश्वर जिला अस्पताल के रक्तकोष में सुबह साढ़े दस बजे से शिविर का आयोजन होगा। जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय, वरिष्ठ सदस्य कैलाश प्रकाश चंदोला, सदस्य प्रमोद जोशी, नगर व्यापार मंडल अध्यक्ष हरीश सोनी, एनएसएस के जिला समन्वयक राजीव निगम, युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष कवि जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष गीता रावल, महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव इंदिरा जोशी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मनोज ओली ने अमर उजाला के प्रयास की सराहना कर रक्तदान शिविर में सहयोग करने की बात कही है। लोगों से रक्तदान की अपील की है।
अल्मोड़ा में अमर उजाला फाउंडेशन और जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सहयोग से जिला अस्पताल के रक्तकोष में प्रात: 10 बजे से रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। इसमें मुख्य रूप से रामलीला कमेटी कर्नाटक खोला का विशेष सहयोग मिल रहा है। कमेटी के मुख्य संयोजक बिट्टू कर्नाटक ने बताया कि शिविर में रामलीला कमेटी के कार्यकर्ता, कलाकार और कमेटी से जुड़े अन्य लोग रक्तदान करेंगे। इसके अकलावा कई अन्य लोग भी स्वेच्छा से रक्तदान करेंगे।
जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर कल
अल्मोड़ा। राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर एक अक्तूबर को जिला अस्पताल के रक्तकोष में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। शिविर सुबह 9:30 बजे से शुरू होगा। जिला अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक डॉ. आरसी पंत ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में पहुंच कर रक्तदान करने का आह्वान किया है।
रेडक्रॉस सोसायटी ने 500 रक्तदाताओं की डायरेक्ट्री बनाई
बागेश्वर। रेडक्रॉस सोसायटी के सदस्य प्रमोद जोशी ने विभिन्न गांवों के लोगों से संपर्क साधकर 18 से 60 वर्ष उम्र के 500 लोगों की ब्लड डायरेक्ट्री बनाई है। यह लोग जरूरत पड़ने पर रक्तदान करेंगे।
जिले के प्रमुख कोरोना योद्धाओं में शुमार गरुड़ के छटिया निवासी प्रमोद ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव आलोक पांडेय और सोसायटी के वरिष्ठ सदस्य कैलाश प्रकाश चंदोला को 500 रक्तदाताओं की सूची सौंपी है। प्रमोद ने डंगोली, छटिया, ग्वाड़, पजेणा, मेलाडुंगरी, झालामाली, कोटफुलवाड़ी, ऐंचर ग्रामसभाओं के साथ ही घांघली, डंगोली बाजार, गरुड़ बाजार और अन्य स्थानों में जाकर रक्त समूह एकत्र करने के लिए संपर्क किया। उन्होंने रक्तदान करने के इच्छुक 500 लोगों का नाम, पता, फोन नंबर, ब्लड ग्रुप डायरेक्ट्री में अंकित किए हैं। सोसायटी के जिला सचिव आलोक पांडेय का कहना है कि मानवता की सच्ची सेवा ही रेडक्रॉस का मूलभूत सिद्धांत है। ब्लड डायरेक्ट्री से काफी मदद मिलेगी और जरूरतमंदों की सहायता भी अतिशीघ्र हो पाएगी।