कपकोट/बागेश्वर। कपकोट के ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू नीति आयोग की बैठक में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली रवाना हो गए हैं। दानू ने बताया कि नीति आयोग 20 और 21 जून को आकांक्षी ब्लाॅक कार्यक्रम के तहत देश के चयनित आकांक्षी विकासखंडों के 500 ब्लाॅक प्रमुखों के ट्रेनिंग नीड एससमेंट प्रशिक्षण का आयोजन भारतीय लोक प्रशासन संस्थान नई दिल्ली में कर रहा है। ब्लाॅक प्रमुख एक-दूसरे को अपने-अपने विकासखंडों के बारे में जानकारी देंगे। नीति आयोग ने उत्तराखंड राज्य के छह विकासखंड कपकोट, स्यालदे, गदरपुर, दुगड्डा, बहदराबाद और मोरी को आकांक्षी विकासखंड के रूप में चयनित किया है। उत्तराखंड के आकांक्षी ब्लाॅकों के प्रतिनिधि के तौर पर कपकोट के ब्लॉक प्रमुख गोविंद सिंह दानू को प्रशिक्षण के लिए नामित किया गया है।