साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर ने कराई राष्ट्रीय प्रतियोगिता
बागेश्वर। साइकिलिंग एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर ने राष्ट्रीय स्तर की साइकिल दौड़ का आयोजन किया। प्रतियोगिता में कई राज्यों के 56 साइकिलिस्टों ने ओपन और जूनियर वर्ग की साइकिल दौड़ में हिस्सा लिया। देहरादून के साइकिलिस्टों ने दोनों वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।
दौड़ का शुभारंभ पर्यटक आवास गृह परिसर से साइकिलिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि साह और रेडक्रॉस सोसायटी के जिला सचिव आलोक पांडेय ने हरी झंडी दिखाकर किया। ओपन वर्ग के लिए 42 किमी और जूनियर वर्ग के लिए 20 किमी की दौड़ का लक्ष्य तय किया गया था। टीआरएच से दोनों वर्ग के साइकिलिस्ट तहसील मार्ग, विकास भवन मार्ग, डीएम कार्यालय से होकर मालता-दफौट मार्ग की ओर गए। दफौट के चमड़थल में जूनियर वर्ग की साइकिल दौड़ संपन्न हुई।
सीनियर वर्ग के साइकिलिस्ट चमड़थल से आगे चले और जेठाई होते हुए कांडा स्टेशन से धपोली के शनि मंदिर तक गए। कार्यक्रम का समापन और पुरस्कार वितरण नगर के एक होटल में किया गया। इस मौके पर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष संजय किशोर वर्मा, सचिव आलोक खेतवाल, सीनियर राइडर कुलदीप असवाल, राहुल मेहता, संतोष बघरी आदि मौजूद रहे।
आयुष नेगी और कार्तिकेय रहे विजेता
ओपन वर्ग में देहरादून के आयुष नेगी, अल्मोड़ा के रजत पांडेय, देहरादून के सार्थक और जूनियर वर्ग में देहरादून के कार्तिकेय, देहरादून के अश्विन, दिल्ली के शिवेश बिष्ट ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। ओपन वर्ग के विजेता को 15,000 रुपये, उपविजेता को 11,000 रुपये, तीसरा स्थान हासिल करने वाले को 7,000 रुपये, जबकि जूनियर वर्ग के विजेता को 7,000 रुपये, उपविजेता को 5,000 रुपये और तीसरा स्थान पाने वाले को 3,000 रुपये पुरस्कार मिला। दोनों वर्ग में चौथा और पांचवां स्थान हासिल करने वाले को 1500-1500 रुपये और अन्य टॉप दस को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
रेडक्रॉस ने दिया सहयोग
दौड़ के दौरान रेडक्राॅस सोसायटी ने साइकिल सवारों के स्वास्थ्य की निगरानी और प्राथमिक उपचार में सहयोग किया। वहां पर डॉ. हरीश दफौटी, फार्मासिस्ट हिमांशु जोशी, भुवन चौबे आदि थे। संवाद