जिले के दूरस्थ अस्पतालों से जिला अस्पताल में डॉक्टरों के अटैचमेंट पर नाराजगी जताते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक दास के नेतृत्व में सीएमओ का घेराव किया। विधायक ने कहा चार दिन के भीतर यदि डॉक्टरों को मूल तैनाती स्थल पर वापस नहीं भेजा गया तो सीएमओ कार्यालय में तालाबंदी की जाएगी।
शुक्रवार को सीएमओ कार्यालय पहुंचे दास ने कहा कि अभी ब्लड बैंक के लिए लाइसेंस नहीं मिला है। ट्रामा सेंटर में उपकरण नहीं आए हैं। परंतु विभाग ने बाहर से स्पेशलिस्ट डॉक्टरों के बजाय बैजनाथ, जखेड़ा, सानीउडियार, रवाईखाल के स्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत डॉक्टरों को जिला अस्पताल अटैच कर दिया है। दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के स्वास्थ्य केंद्रों के डॉक्टरों को जिला मुख्यालय में तैनान करने से प्राथमिक उपचार के लिए आने वाले मरीजों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ट्रामा सेंटर और ब्लड बैंक के लिए बाहर से विशेषज्ञ चिकित्सक तैनात किए जाने चाहिए। इस मौके पर उन्होंने स्वास्थ्य महानिदेशक से फोन पर बात की। कहा 27 दिसंबर तक सभी डॉक्टरों को मूल तैनाती पर भेजा जाए वरना वह सीएमओ आफिस में तालाबंदी के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर रवि करायत, खड़क दफौटी, खड़क टंगड़िया, संजय परिहार, गौरव दास, दयाल कांडपाल आदि थे।