बागेश्वर के एक होटल में प्रेस वार्ता करते कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण। संवाद न्यूज एज
- फोटो : BAGESHWAR
बागेश्वर। कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री बालकृष्ण ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय सहकारिता कृषि कल्याण योजना के तहत बांटे गए ऋण पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि आम गरीब किसान की बजाय भाजपा के चहेतों को लोन वितरण किया गया है। उन्होंने इस मामले में सूचना का अधिकार मांगने की बात कही। कहा कि वह गरीब किसानों के साथ हो रहे भेदभाव के लिए आंदोल करेन को भी तैयार हैं।
प्रदेश महामंत्री ने नगर के एक होटल में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि जिले में 616 किसानों को चार करोड़ 20 लाख रुपये का ऋण वितरण किया गया, लेकिन इसकी सूचना आम किसानों तक नहीं पहुंची। लोन वितरण के मानकों के बारे में भी कोई जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के करीबियों को लोन बांट दिया गया। उन्होंने कहा कि किसानों के साथ हुए भेदभाव को लेकर वह चुप बैठने वाले नहीं है। ऋण वितरण को लेकर शासन-प्रशासन से सूचना का अधिकार मांगा जाएगा। अगर ऋण वितरण के दोषियों को जल्द सजा नहीं मिली तो वह धरना प्रदर्शन कर आंदोलन करने को बाध्य होंगे। इस मौके पर कांग्रेस उपाध्यक्ष बहादुर सिंह बिष्ट, अर्जुन देव, महेश पंत आदि मौजूद थे।