अल्मोड़ा। स्थानीय बाजार में सब्जियों के दामों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। इन दिनों करेला के बढ़ते दामों ने उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ा दी है। कुछ समय पहले तक बाजार में करेला करीब 60 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा था, लेकिन अब इसकी कीमत बढ़कर 70 से 75 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।
करेला पसंद करने वाले लोगों को अब इसे खरीदने के लिए पहले की तुलना में अधिक खर्च करना पड़ रहा है। सब्जियों के बढ़ते दामों से गृहिणियों की रसोई का बजट प्रभावित हो रहा है। रोजमर्रा की जरूरत वाली सब्जियों के साथ अब मौसमी सब्जियां भी महंगी होती जा रही हैं।
व्यापारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में करेला की आवक बढ़ती है तो इसके दामों में कुछ राहत मिल सकती है। फिलहाल बाजार में करेला महंगी सब्जियों में शामिल हो गया है। सब्जी व्यापारी लक्ष्मी दत्त डालाकोटी बताते है कि मंडी में ही करेला ऊंचे दाम में मिल रहा है जिससे उसका खुदरा भाव बढ़ा हुआ है। मंडी में करेला की आवक बढ़ेगी तो दामों में इसका प्रभाव पड़ेगा और दाम कम हो सकते हैं।