लोक सभा चुनावों की आदर्श आचार संहिता के चलते प्रशासन ने सोमवार को शहर में लगे राजनीतिक दलों के होर्डिंग उतार दिए हैं। प्रशासन के आदेश पर नगर पालिका ने शहर में लगे होर्डिंग उतारे। प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों से आदर्श आचार संहिता का पालन करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी रंजना राजगुरु के निर्देश पर सोमवार को आदर्श आचार संहिता के नोडल अधिकारी शंकर बोरा ने नगर के विभिन्न स्थानों में लगी राजनीतिक दलों की होर्डिंग उतारी। राजनीतिक दलों को निर्देश दिए हैं कि वह आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन करें।
आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले राजनीतिक दलों व कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई की जाएगी। बैनर, पोस्टर व दीवार लेखन से पहले अनुमति ली जानी आवश्यक होगी। प्रशासन जल्द ही राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित कर आदर्श आचार संहिता की जानकारी देगा।
अभी जुड़वा लें मतदाता सूची में नाम
डीएम रंजना राजगुरु ने बताया कि यदि किसी वोटर का नाम मतदाता सूची में नहीं है तो अभी भी सूची में दर्ज करा सकता है। जल्द ही यह सुविधा भी बंद हो जाएगी। वहीं फार्म 7,8 वगैरह पर विचार नहीं किया जाएगा।