अल्मोड़ा/बागेश्वर/गरुड़। भूकंप के तेज झटके अल्मोड़ा, बागेश्वर जिले के तमाम हिस्सों में भी महसूस किये गये। झटकों से घरों-दफ्तरों से लोग बाहर निकल गये। भूकंप से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ। भूकंप की तीव्रता 5.8 रही।
भूकंप का सेंटर कालिका (नेपाल) बताया जा रहा है। कार्यालयों, घरों में लोग भूकंप के झटके महसूस होते ही बाहर निकल गए। भूकंप थमने के तुरंत बाद लोगों के फोन घनघनाने लगे।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी विनीत पाल ने बताया कि भूकंप के तुरंत बाद जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने जिले की सभी तहसीलों से दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त की। किसी भी तहसील में कोई नुकसान की सूचना नहीं है।
बागेश्वर जिले में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। एसडीएम आरके पांडे ने बताया कि भूकंप से किसी प्रकार की क्षति नहीं हुई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शिखा सुयाल का कहना है कि महकमे के कर्मचारी किसी भी प्रकार की आपदा से निपटने के लिए सतर्क हैं। इसकी सूचना संबंधित कार्मिकों को पहले ही दी जा चुकी है।