मध्यप्रदेश के भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में पुरस्कार लेते पालिकाध्यक्ष सुरेश खेतवाल। स्रोत- स्
बागेश्वर। नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश खेतवाल मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में आयोजित पांच दिवसीय कचरा प्रबंधन प्रणाली और नवाचारी पहल कार्यक्रम में भागीदारी कर लौट आए हैं। उन्हाेंने कार्यशाला में सीखे ज्ञान का उपयोग नगरपालिका क्षेत्र में कचरा प्रबंधन और राजस्व सृजन में करने की बात कही है।
प्रदेश से गए प्रतिनिधिमंडल में हल्द्वानी, कोटद्वार, पिथौरागढ़, रुद्रपुर और श्रीनगर नगर निगम के महापौर, बागेश्वर, मसूरी, रानीखेत, रुद्रप्रयाग, टनकपुर, टिहरी एवं उत्तरकाशी नगर निकायों के अध्यक्ष शामिल थे। पालिकाध्यक्ष खेतवाल ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान भोपाल और इंदौर नगर निगमों की कचरा प्रबंधन प्रणाली एवं नवाचारी पहलों का अध्ययन करने का मौका मिला। बायो सीएनजी प्लांट, कचरा कैफ़े, कपड़ा रिसाइक्लिंग, गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन और स्मार्ट मॉनिटरिंग सिस्टम की जानकारी मिली। कार्यक्रम में इंदौर की लगातार आठ बार स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान की उपलब्धि को विशेष रूप से रेखांकित किया गया था।
कार्यक्रम से स्रोत पर कचरे का पृथक्करण, जनसहभागिता, कचरे से धन निर्माण और राजस्व सृजन के नवाचारी मॉडल, धार्मिक एवं धरोहर स्थलों को जीरो वेस्ट जोन के रूप में विकसित करना, प्रौद्योगिकी आधारित ट्रैकिंग एवं श्रमिक कल्याण आदि को लेकर अहम जानकारी मिली। इस दौरान नवाचार, तकनीक और जन भागीदारी से सफलता हासिल करने की सीख मिली।