कपकोट के ऐठान वार्ड स्थित भगवती मंदिर में पूजा करते श्रद्धालु।
- फोटो : अमर उजाला
ग्राम पंचायत पोथिंग और नगर पंचायत कपकोट के ऐठान में भगवती पूजा की धूम मची हुई है। यहां श्रद्धालुओं का सुबह से ही तांता लगा हुआ है। दोनों जगहों पर 16 सितंबर की शाम जागरण और 17 को मेला और भंडारा होगा। पूजा कमेटियों ने लोगों से भंडारे में बढ़ चढ़कर शामिल होने की अपील की है।
ग्राम पंचायत पोथिंग की तिबारी में चल रही भगवती पूजा बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि यहां 16 को होने वाले जागरण और उसके अगले दिन लगने वाले मेले की तैयारियां जोरों पर चल रही है। इधर कपकोट नगर पंचायत के ऐठान वार्ड स्थित भगवती मंदिर में 13 सितंबर को काफली कमेड़ा गांव से भगवती माता, लाटू, कालो और लाल बाण देवता के देव डांगर आएंगे।
कमेटी के अध्यक्ष भूपाल सिंह ऐठानी ने बताया कि देव डांगरों के भराड़ी बाजार पहुंचने पर उनका ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया जाएगा। मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। स्वागत टीम का गठन कर लिया गया है। इस मौके पर डॉ.शेर सिंह ऐठानी, डॉ. हरीश ऐठानी, व्यापार मंडल भराड़ी के अध्यक्ष शेर सिंह ऐठानी, खीम सिंह ऐठानी, बब्लू ऐठानी, दयाल ऐठानी, दरबान कुंवर, दरबान सिंह, लक्ष्मण ऐठानी, हुकम सिंह और गीता ऐठानी आदि मौजूद थे।